शिमला, 06 सितंबर – हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पूर्व जयराम सरकार के समय कर्मचारियों को दिए गए हायर ग्रेड-पे के फैसले को वापस ले लिया है। फाइनेंस डिपार्टमेंट ने शनिवार को 06 सितंबर 2022 को जारी अधिसूचना को रद्द कर दिया है।
इस निर्णय से 03 जनवरी 2022 से पहले नियुक्त 89 श्रेणियों के कर्मचारियों का वेतन पुनः निर्धारित किया जाएगा। उन्हें दो वर्ष का नियमित कार्यकाल पूरा करने पर उच्च वेतनमान दिया गया था, जिसे अब वापस लिया गया है।
कर्मचारी आशंका जता रहे हैं कि उनके मासिक वेतन में 10,000 से 15,000 रुपये की कमी हो सकती है। इस फैसले से 10 हजार से अधिक कर्मचारियों पर असर पड़ेगा। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में दिए गए वेतन की रिकवरी नहीं की जाएगी।
हिमाचल सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों में रोष है और वे सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना से मिलकर विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि इस फैसले से कर्मचारियों को भारी वित्तीय नुकसान होगा और वे इसे वापस लेने की मांग करेंगे।