पंजाब में बाढ़ से प्रभावित किसानों के लिए राहत की बड़ी घोषणा की गई है। राज्य मंत्रिमंडल ने सोमवार को फैसला लिया कि जिन किसानों की फसलें बाढ़ की वजह से खराब हुई हैं और जिनके खेतों में पानी भरा हुआ है, उन्हें ₹20,000 प्रति एकड़ का मुआवजा दिया जाएगा।
सीएम भगवंत मान ने दी जानकारी
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने यह ऐलान सोशल मीडिया पर किया। फिलहाल वे स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उन्हें बीते हफ्ते बैक्टीरियल इंफेक्शन की शिकायत के बाद 5 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
लाखों एकड़ फसलें बर्बाद
पंजाब में बीते तीन हफ्तों से जारी बाढ़ ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। करीब 4.30 लाख एकड़ जमीन पर खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। किसान अब सरकार की राहत योजना का इंतजार कर रहे थे।
नियमों से अधिक राहत
आपदा प्रबंधन नियमों के तहत फसल नुकसान पर केवल ₹6,800 प्रति एकड़ मुआवजा तय है। लेकिन पंजाब सरकार ने इससे कहीं अधिक राहत देने का ऐलान किया है। पिछले एक दशक से राज्य सरकारें अतिरिक्त ₹8,200 प्रति एकड़ देती रही हैं। इस बार पंजाब कैबिनेट ने किसानों की स्थिति को देखते हुए कुल ₹20,000 प्रति एकड़ मुआवजा तय किया है।
किसानों को मिली बड़ी राहत
इस फैसले से लाखों किसानों को आर्थिक मदद मिलेगी। सरकार का कहना है कि जल्द ही मुआवजा राशि प्रभावित किसानों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी।