मुंबई। मुंबई पुलिस ने मलाड इलाके में स्थित एक स्पा सेंटर में छापा मारकर देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि एक महिला संचालिका फरार है। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम गुप्ता (22) और रिहान एजाज़ अहमद खान (34) के रूप में हुई है। वहीं, फरार महिला की पहचान नीतू योगेश मेहरा उर्फ नीतू कैलाश गुहानिया (29) के रूप में बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, इस स्पा के बारे में पहले भी शिकायतें प्राप्त हुई थीं। मामले की पुष्टि के लिए एक अंडरकवर ग्राहक को भेजा गया, जिसने वहां वेश्यावृत्ति के चल रहे धंधे की जानकारी दी। इसके बाद इंस्पेक्टर अतुल अवहाड़ के मार्गदर्शन में तलाशी दल और सीक्रेट सर्विस की संयुक्त टीम ने स्पा पर छापा मारा।
जांच में पता चला कि जिन महिलाओं को बचाया गया, उन्हें पैसों का लालच देकर इस गैरकानूनी काम में धकेला गया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।