जींद (हरियाणा)।
हरियाणा के जींद जिले के बराह कला गांव का 26 वर्षीय कपिल अमेरिका में गोली लगने से मौत के शिकार हो गया। परिवार के इकलौते बेटे की मौत की खबर से गांव में मातम छा गया है। कपिल 2022 में 45 लाख रुपये खर्च कर डंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था और वहां सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था।
ड्यूटी के दौरान गोली मारकर हत्या
जानकारी के अनुसार, घटना 5 सितंबर की है। कपिल ड्यूटी पर था जब उसने एक अमेरिकी नागरिक को खुले में पेशाब करने से रोका। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और आरोपी ने कपिल पर गोली चला दी। गोली लगते ही कपिल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
अस्पताल में तोड़ा दम
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और कपिल को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
इकलौता बेटा था कपिल
कपिल का जन्म 22 मई 2000 को हुआ था। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिवार अब आर्थिक तंगी से जूझ रहा है और बेटे का शव भारत लाने के लिए मदद की गुहार लगा रहा है।
परिवार का दर्द और आर्थिक संकट
कपिल के पिता ने बताया कि बेटे की मौत ने उनका सबकुछ उजाड़ दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि विदेश भेजने के लिए उन्होंने काफी कर्ज लिया था और अब शव लाने के लिए भी पैसों की कमी सबसे बड़ी परेशानी बन गई है।