Rashtra View Updates | फिरोज़पुर, पंजाब।
पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में फ़िरोज़पुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। खुफ़िया सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 15.7 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हबीबवाला, फिरोज़पुर निवासी सोनू सिंह के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह खेप पाकिस्तान से भेजी गई थी और इसके तार जेल में बंद अपराधियों से जुड़े हुए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
फ़िरोज़पुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि सीआईए टीम को सोनू सिंह के पास हेरोइन होने की पुख्ता सूचना मिली थी। आरोपी पल्ला मेघा गांव से फिरोज़पुर शहर की ओर जा रहा था। सूचना मिलते ही एसपी (डी) मंजीत सिंह और डीएसपी (डी) बरजिंदर सिंह की देखरेख में पुलिस ने गांव दुलची के नाके पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी ने बताया कि इस मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां व बरामदगी हो सकती हैं। पुलिस ने इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है।