हरियाणा सरकार ने राज्य की महिलाओं के लिए एक बड़ी योजना लागू करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि 25 सितंबर से राज्य में ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ शुरू की जाएगी। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि यह योजना दीनदयाल उपाध्याय जयंती के दिन से लागू होगी। इस योजना का लाभ 23 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को मिलेगा। इसमें विवाहित और अविवाहित दोनों तरह की महिलाएं शामिल होंगी।
सबसे बड़ी बात यह है कि यदि किसी परिवार में तीन या उससे अधिक महिलाएं भी पात्र होंगी, तो सभी को इस योजना का लाभ मिलेगा। सरकार का कहना है कि इस योजना से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने और आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।
यह योजना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनावी वादों में शामिल थी और अब इसे लागू करने से प्रदेश की लाखों महिलाओं को सीधा फायदा होगा।
सरकार का उद्देश्य है कि इस योजना के जरिए महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जाए और उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर दिया जाए।