लुधियाना: जूता कारोबारी और सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर गुरविंदर सिंह प्रिंकल को सोमवार रात पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। गिरफ्तारी का कारण 2022 का एक पुराना मामला था, जिसमें प्रिंकल पर आरोप है कि उन्होंने एडवोकेट गगनप्रीत की पत्नी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी शिकायत पर थाना सराभा नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रिंकल को अदालत में पेश किया।
कोर्ट परिसर में वकील ने मारा थप्पड़
मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया जब कोर्ट परिसर में प्रवेश करते ही एक वकील ने अचानक प्रिंकल के चेहरे पर थप्पड़ जड़ दिया। घटना कोर्ट के मुख्य दरवाजे पर हुई, जिसके चलते माहौल तनावपूर्ण हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने हालात काबू में किए
अचानक हुई इस घटना से अदालत परिसर में हंगामा मच गया। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए प्रिंकल को सुरक्षित कोर्ट रूम में पहुंचाया और भीड़ को बाहर निकाल दिया। इस दौरान अनधिकृत रूप से कोर्ट में घुसे कुछ युवकों को भी पुलिस ने बाहर किया।
पुराना विवाद बना गिरफ्तारी का कारण
गौरतलब है कि यह मामला 2022 में दर्ज हुआ था, जब एडवोकेट गगनप्रीत ने शिकायत की थी कि उनकी पत्नी के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया है। लंबे समय तक जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरविंदर सिंह प्रिंकल को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया।