उत्तर भारत में लगातार हो रही बारिश का असर अब यमुना नदी पर साफ दिखाई दे रहा है। रविवार को हथिनीकुंड बैराज से 3 लाख 29 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिसके बाद दिल्ली और हरियाणा के करनाल जिले में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
करनाल प्रशासन अलर्ट
पानी छोड़े जाने के बाद करनाल प्रशासन ने यमुना किनारे बसे गांवों को सतर्क कर दिया है। एसडीएम इंद्री अशोक मुंजाल ने ग्रामीणों से अपील की कि वे घबराएं नहीं, लेकिन खाने-पीने का सामान और जरूरी वस्तुएं सुरक्षित स्थान पर रख लें।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर नाव, रेत के बैग और जेसीबी मशीनें तैनात कर दी हैं ताकि जरूरत पड़ने पर राहत-बचाव कार्य तुरंत शुरू किया जा सके।
यमुना का जलस्तर बढ़ने का असर
पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश से यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। फिलहाल पानी नदी के किनारों तक बह रहा है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
प्रशासन ने यमुना किनारे रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करें।