भारत में गणेश चतुर्थी का पर्व अपार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस साल गणेश चतुर्थी 2025 का शुभ पर्व 27 अगस्त, बुधवार को मनाया जाएगा। वैदिक पंचांग के अनुसार, चतुर्थी तिथि की शुरुआत 26 अगस्त को दोपहर 01:54 बजे होगी और इसका समापन 27 अगस्त को दोपहर 03:44 बजे होगा। चूंकि उदयातिथि मान्य होती है, इसलिए उत्सव का शुभ दिन 27 अगस्त को तय हुआ है।
हर साल की तरह इस बार भी भक्तों के मन में यह सवाल उठेगा कि गणपति बप्पा को घर में कितने दिन तक विराजमान रखना शुभ होता है? दरअसल, यह परंपरा, आस्था और सुविधा पर निर्भर करता है।
📌 गणेश विसर्जन की तिथि
अनंत चतुर्दशी के दिन गणेश विसर्जन की परंपरा होती है। इस बार विसर्जन का दिन 7 सितंबर 2025, रविवार को पड़ेगा।
🙏 गणपति स्थापना और दिनों का महत्व
3 दिन गणपति
कामकाजी परिवारों के लिए यह सबसे सुविधाजनक परंपरा मानी जाती है। तीन दिन तक पूजा, भक्ति और प्रसाद वितरण के बाद बप्पा का विसर्जन कर दिया जाता है।
5 दिन गणपति
पांच दिन तक गणपति बप्पा को घर पर रखने से सकारात्मक ऊर्जा और समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है। इन दिनों में परिवार और मित्रों को आमंत्रित कर भक्ति और आनंद का वातावरण बनाया जाता है।
7 दिन गणपति
सात दिन तक गणपति स्थापना गहरी आस्था और समर्पण का प्रतीक है। पूरे सप्ताह घर में भक्ति-गीत, पूजा और खुशियों का माहौल छाया रहता है। यह परंपरा उन लोगों में लोकप्रिय है जो पूरे दिल से उत्सव का आनंद लेना चाहते हैं।
11 दिन गणपति
सबसे पारंपरिक और व्यापक रूप से निभाई जाने वाली परंपरा ग्यारह दिन गणपति है। खासकर महाराष्ट्र और कई राज्यों में यही प्रथा अधिक देखी जाती है। अंतिम दिन अनंत चतुर्दशी पर धूमधाम से गणपति विसर्जन किया जाता है और पूरा समाज भक्ति, उल्लास और एकता में डूब जाता है।