Rashtra View Updates | नई दिल्ली
देश के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में उन्हें पद की शपथ दिलाई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, वेंकैया नायडू, हामिद अंसारी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नड्डा, नितिन गडकरी सहित कई दिग्गज मौजूद रहे।
श्री राधाकृष्णन महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रहे हैं। 9 सितंबर को उपराष्ट्रपति चुनाव में उन्होंने विपक्षी उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को 152 वोटों के बड़े अंतर से हराया। 4 मई 1957 को तमिलनाडु के तिरुप्पुर में जन्मे राधाकृष्णन ने बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातक किया और सार्वजनिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से की।
1974 में भारतीय जनसंघ की राज्य कार्यकारिणी में शामिल होकर राजनीति में कदम रखा। 1996 में भाजपा के तमिलनाडु सचिव बने और 1998 व 1999 में लोकसभा सदस्य चुने गए। उन्होंने कपड़ा संसदीय समिति के अध्यक्ष, पीएसयू समिति सदस्य और स्टॉक एक्सचेंज घोटाले की जांच समिति के सदस्य के रूप में काम किया। 2004 में संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित किया और भारत से ताइवान गए पहले संसदीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे।
तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष रहते हुए 19,000 किलोमीटर लंबी रथ यात्रा का नेतृत्व किया। 2016 में कोच्चि कॉयर बोर्ड के अध्यक्ष बने और निर्यात को उच्चतम स्तर पर पहुंचाया। 2020 से 2022 तक भाजपा की केरल इकाई के प्रभारी रहे। 2023 में झारखंड के राज्यपाल और 2024 में महाराष्ट्र के राज्यपाल बने। खेलों में टेबल टेनिस, क्रिकेट, वॉलीबॉल और लंबी दौड़ में रुचि रखते थे। उन्होंने अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली सहित कई देशों की यात्रा की है।