पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज राज्य के हड़ प्रभावित किसानों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की। उन्होंने अजनाला क्षेत्र के 52 गांवों में 5 करोड़ रुपये से अधिक की मुआवज़ा राशि वितरित करने की शुरुआत की। यह राशि उन किसानों और परिवारों को दी जा रही है जिनके घरों, फसलों और पशुओं को हालिया बाढ़ के दौरान नुकसान पहुंचा था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने वादा किया था कि 15 अक्तूबर से पहले सभी पीड़ितों को मुआवज़ा दिया जाएगा, और आज (13 अक्तूबर) से उस वादे को पूरा करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह राहत वितरण कार्यक्रम ‘मिशन चढ़दीकला’ के तहत चलाया जा रहा है ताकि दीवाली से पहले हर प्रभावित परिवार तक आर्थिक मदद पहुंच सके।
मान सरकार ने स्पष्ट किया कि मुआवज़े की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जा रही है ताकि पारदर्शिता बनी रहे। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा,
“हम लोगों से किए वादों को निभाने में विश्वास रखते हैं। हड़ से प्रभावित हर किसान और परिवार को जल्द से जल्द सहायता मिले, यह हमारी जिम्मेदारी है। हम समय पर जख्मों पर मरहम लगाने का काम कर रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि फिलहाल 631 लाभार्थी किसानों को उनके घरों और फसलों के नुकसान के लिए मुआवज़ा दिया गया है, जबकि पशुओं के नुकसान का मूल्यांकन अभी जारी है। सरकार ने दोबारा गिरदावरी (फसलों का सर्वे) करवा कर सुनिश्चित करने की घोषणा की है कि कोई भी पीड़ित परिवार मदद से वंचित न रह जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य सिर्फ राहत देना नहीं, बल्कि प्रभावित इलाकों को दोबारा सामान्य स्थिति में लाना है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बाढ़ से प्रभावित इलाकों में पुनर्निर्माण और साफ-सफाई का कार्य तेजी से पूरा किया जाए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ स्थानीय अधिकारी, किसान प्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद थे।
