हिमाचल प्रदेश में सर्दी अब अपने चरम की ओर बढ़ रही है। राज्य के कई हिस्सों में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है और कुछ स्थानों पर पारा माइनस डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पहाड़ी इलाकों में सुबह-शाम की ठिठुरन लोगों को रजाई से बाहर निकलने नहीं दे रही है।
दिन के समय धूप जरूर खिल रही है, लेकिन जैसे ही सूरज ढलता है, ठंडी हवाएं माहौल को और ज्यादा सर्द बना देती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल 15 नवंबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है।
कई जगहों पर माइनस में पहुंचा तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, केलांग, ताबो और कुकुमसेरी में इन दिनों न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया है। इन इलाकों में सुबह के समय पानी जमने लगा है और बर्फीली हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं।
वहीं सुंदरनगर में रविवार को मध्यम कोहरा और बिलासपुर में हल्का कोहरा दर्ज किया गया। कोहरे की वजह से सुबह के समय सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और ड्राइवरों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी।
15 नवंबर तक रहेगा साफ मौसम
मौसम विभाग केंद्र, शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक हिमाचल में बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं हैं। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में दिन के समय धूप खिली रहेगी, जिससे पर्यटकों को यात्रा में कोई परेशानी नहीं होगी।
हालांकि मंडी (बल्ह घाटी) और बिलासपुर (भाखड़ा डैम क्षेत्र) के आसपास के इलाकों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना बनी हुई है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले 4-5 दिनों तक राज्य के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में रातें ठंडी और दिन हल्के गर्म बने रहेंगे।
पर्यटकों के लिए राहत की खबर
साफ मौसम के कारण राज्य में पर्यटन गतिविधियां तेज हो गई हैं। मनाली, शिमला, धर्मशाला और डलहौजी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर धूप खिलने से सैलानी आराम से घूम सकते हैं। हालांकि रात में तापमान गिरने की वजह से पर्यटकों को गरम कपड़े साथ रखने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने यह भी अपील की है कि सुबह के समय कोहरे वाले इलाकों में वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
